एक मादा शार्क लंबे समय तक किसी नर साथी से विरह के बाद गर्भवती हो गई है। स्टेगोस्टोमा फैसिटम प्रजाति की यह शार्क मछली (नाम लिओनी) 1999 में टाउन्सविले (ऑस्ट्रेलिया) के एक मछलीघर में अपने नर साथी के साथ रही थी। उन दोनों की दो दर्ज़न से ज़्यादा संतानें पैदा भी हुई थीं। फिर किसी कारण से 2012 में नर को दूसरी टंकी में रख दिया गया था। तब से लिओनी का किसी नर से संपर्क नहीं रहा किंतु 2016 में उसने तीन शिशु शार्क को जन्म दिया।
इस आश्चर्यजनक घटना से चकराकर क्वींसलैण्ड विश्वविद्यालय के क्रिस्टीन डजिअन और उनके साथियों ने गुत्थी सुलझाने के प्रयास शुरु कर दिए। सबसे पहली संभावना तो यही थी कि लिओनी ने उस नर साथी के शुक्राणु अपने शरीर में कहीं सहेजकर रखे होंगे और काफी समय तक किसी नर से संपर्क न होने पर उसने उन शुक्राणुओं की मदद से गर्भधारण किया होगा।
मगर शिशुओं के डीएनए परीक्षण से पता चला कि उनमें जो भी आनुवंशिक पदार्थ है वह सिर्फ, और सिर्फ लिओनी का है। मतलब यही है कि ये संतानें अलैंगिक प्रजनन से उत्पन्न हुई हैं।
कुछ रीढ़धारी जंतुओं में अलैंगिक प्रजनन की क्षमता होती है। इनमें कुछ किस्म की शार्क, टर्की, कोमोडो ड्रेगन, सांप और रे-मछलियां शामिल हैं। किंतु ये सामान्यत: लैंगिक प्रजनन ही करते हैं। एक बात यह भी है कि अलैंगिक प्रजनन की अधिकांश रिपोर्ट ऐसी मादाओं की हैं जिनका नर से कभी संपर्क नहीं हुआ हो। कभी-कभार ही ऐसा देखा गया है कि कोई जंतु पहले लैंगिक प्रजनन करती रही हो और फिर बदलकर अलैंगिक प्रजनन करने लगे।
साइन्टिफिक रिपोर्ट्स शोध पत्रिका में अपने निष्कर्षों का ब्यौरा देते हुए डजियन ने बताया है कि शार्क मछलियों में अलैगिक प्रजनन तब संभव होता है जब उसके अंडे का निषेचन उसके साथ पाई जाने वाली एक कोशिका कर दे। इस कोशिका को पोलर बॉडी कहते हैं। इस पोलर बॉडी में भी उसी मादा की जेनेटिक सामग्री पाई जाती है। किंतु यह प्रजनन की सामान्य क्रियाविधि नहीं है क्योंकि ऐसे प्रजनन में विविधता पैदा नहीं होती जो जीवन के लिए बहुत ज़रूरी है। ऐसा प्रजनन तब ज़रूरी हो जाता है जब नर उपलब्ध न हो। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - April 2023
- चांद पर कितने बजे हैं?
- क्षुदग्रह को भटकाने में सफलता
- धरती को ठंडा रखने के लिए धूल का शामियाना
- गर्माती दुनिया में ठंडक का इंतज़ाम
- अछूते जंगलों में भी कीटों की संख्या में गिरावट
- हरित ऊर्जा में 350 अरब के निवेश का प्रस्ताव
- हिमशैल (आइसबर्ग) से पीने का पानी
- डोडो की वापसी के प्रयास
- एज़्टेक हमिंगबर्ड्स, भारतीय शकरखोरा
- भोजन और हमजोली के बीच चुनाव
- पिघलता, आकार बदलता रोबोट
- शरीर की सारी वसा एक-सी नहीं होती
- अवसादरोधी दवाइयां और एंटीबायोटिक प्रतिरोध
- वृद्धावस्था थामने की कोशिश
- रिवाज़ों को तोड़ते बैक्टीरिया
- स्वास्थ्य के पुराने दस्तावेज़ों से बीमारियों के सुराग
- सपनों में हरकतें मस्तिष्क रोगों की अग्रदूत हो सकती हैं
- मस्तिष्क में मातृभाषा की खास हैसियत है
- उपकरण की मदद से बोलने का रिकॉर्ड
- पुरातात्विक अपराध विज्ञान
- भूगर्भीय धरोहर कानून से शोध समुदाय में हलचल
- यूएसए में बंदूक हिंसा और बंदूक नियंत्रण नीतियां
- मानव जेनेटिक्स विज्ञान सभा का माफीनामा
- शोधपत्र में जालसाज़ी, फिर भी वापसी से इन्कार
- स्वस्थ भविष्य के लिए मोटा अनाज