सहस्रपाद (मिलीपीड) नाम के बावजूद सभी मिलीपीड के पैरों की संख्या हज़ार नहीं होती है। आम बोलचाल में इन्हें गिंजाई या कनखजूरा कहते हैं। अधिकांश प्रजातियों में पैरों की संख्या सौ से भी कम होती है। लेकिन अब, शोधकर्ताओं ने सहस्रपाद की एक ऐसी प्रजाति की खोजी है जिसके पैरों की संख्या उसके नाम से भी अधिक हो सकती है।
शोधकर्ताओं को सहस्रपाद की यह प्रजाति पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के एक रेगिस्तान में 60 मीटर गहराई में मिली है। शोधकर्ता खनन कंपनियों द्वारा अन्वेषण के लिए खोदे गए सुराखों में खास डिज़ाइन किए गए जाल (सड़ी-गली पत्तियों से भरे प्लास्टिक पाइप) डालकर गहराई में रहने वाले अकशेरुकी जीवों की खोज कर रहे थे।
इसे यूमिलीपीस पर्सेफोन नाम दिया है। यूमिलीपीस का मतलब है वास्तव में हज़ार पैरों वाली और पर्सेफोन नाम ग्रीक पौराणिक कथाओं की पाताल लोक की देवी से मिला है, जो कुछ समय के लिए ज़मीन के ऊपर आती है और वसंत का आगाज़ करती है।
क्रीमी रंग का यह सहस्रपाद एक मिलीमीटर से भी कम चौड़ा और लगभग 10 सेंटीमीटर लंबा है। अपने डील-डौल में यह ज़मीन के ऊपर रहने वाले सहस्रपादों की तुलना में बहुत छरहरा है। इसके कई सारे छोटे-छोटे पैर इसे चट्टान की छोटी-छोटी दरारों से गुज़रने की शक्ति देते हैं। साइंटिफिक रिपोर्ट्स में शोधकर्ता बताते हैं कि ई. पर्सेफोन की आंखें नहीं हैं, ये अपने बड़े एंटीना की मदद से दुनिया को भांपते हैं। और संभवत: कवक इनका भोजन होता है।
शोधकर्ताओं को इस स्थल से आठ ई. पर्सेफोन मिले हैं। यदि इनके पैर गिनें तो इनमें से दो वयस्क मादाएं ही सच्ची सहस्रपाद हैं; दो वयस्क नरों के पैरों की अधिकतम संख्या 778 और 818 है। दरअसल, किसी भी सहस्रपाद के पैरों की संख्या बदलती रह सकती है क्योंकि आर्थ्रोपोड (संधिपाद जंतु) अपने पूरे जीवन में शरीर में अतिरिक्त खंड विकसित करते रहते हैं। ई. पर्सेफोन शरीर के खंड सिकोड़ और फैला सकता है। इससे संभवत: छोटी दरारों में फिट होने और कठिन रास्तों पर चलने में मदद मिलती है। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि ई. पर्सेफोन सतह की जलवायु गर्म और शुष्क होने के काफी पहले भूमिगत हो गए थे। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - August 2017
- पक्षियों में सिगरेट के ठूंठ से सुरक्षा उपाय
- गुंजन बताता है मधुमक्खी क्या कर रही है
- कौए ठगों को याद रखते हैं
- दीमक बांबी बनाना शुरु कैसे करती है
- एक बार फिर रैंसमवेयर का हमला
- एक तारे का वज़न नापने में सफलता
- सरप्लस बिजली की चुनौतियां
- ज़रूरत से ज़्यादा ताप बिजली घर
- औद्योगिक क्रांति के ऊर्जा सम्राट कोयले की विदाई
- कार्बन डाईऑक्साइड से ईंधन
- तलवार की धार - कुष्ठ, टीबी और कैंसर के खिलाफ
- गाय के श्वसन पर फैसला
- क्या पानी का स्वाद होता है?
- बादलों के बरसने की क्षमता घट रही है
- दूरस्थ सौर मंडलों में जीवन के अणु मिले
- गांव में जल संकट दूर करने की समग्र योजना बने
- मनुष्य का स्मृति कोश विशाल होता है
- एलर्जी में छींक क्यों आती है
- कैंसर: कातिल की मदद से कातिल का कत्ल
- सरसों की जी.एम. फसल का विवाद नाज़ुक दौर में
- किसी तारे जितना गर्म ग्रह खोजा गया
- मलेरिया हड्डियों को भी कमज़ोर करता है
- पैंतालिस सालों में कृत्रिम बुद्धि आगे निकल जाएगी
- ओज़ोन परत की मरम्मत में देरी की संभावना
- रॉकेट विज्ञान के शिखर तक पहुंचा भारत
- भूमध्य रेखा की ओर झुका रहता है यह पेड़