कैलिफोर्निया की एक खारे पानी की झील का नाम मोनो झील है। इस झील का पानी समुद्र से भी तीन गुना ज़्यादा खारा और बहुत ज़्यादा क्षारीय है। इस वजह से इस झील के आसपास जीवन कम ही पनपता है। एफिड्रा हाएंस नामक ये मक्खियां इस झील की सतह पर पनपती हैं और पानी के अंदर भी ज़िन्दा रहती हैं।
इस मक्खी के शरीर पर मोमी आवरण लिए हुए बाल होते हैं जो पानी को दूर हटाते हैं। शरीर के आसपास बालों में फंसी हवा के बुलबुले की बदौलत ये पानी के अंदर भी जीवित रह पाती हैं। पर पानी में घुले लवण बुलबुला बनने नहीं देते। तो फिर कैसे यह मक्खी खारे पानी में भी बुलबुला बना लेती है और ज़िन्दा रह पाती है?

इसे पता करने के लिए शोधकर्ताओं ने झील से सैकड़ों एफिड्रा हाएंस मक्खियों और 6 अन्य सम्बंधित मक्खियों को इकठ्ठा किया। इन सबको पानी में रखा गया और उस पानी में सोडियम कार्बोनेट की मात्रा बढ़ाते गए। सोडियम कार्बोनेट के उच्च स्तर ने अन्य मक्खियों के बालों के बीच से हवा को हटा दिया। पर एफिड्रा हाएंस के बाल ज़्यादा घने होने की वजह से हवा को ज़्यादा मज़बूती से पकड़कर रखते हैं। इस कारण बालों के बीच हवा का बुलबुला बना रहा।
वैसे तो सारी मक्खियों का आवरण मोमी होता है जो पानी को त्वचा से दूर रखता है किंतु मात्र एफिड्रा हाएंस ही मोनो झील के पानी को दूर रख पाती है। इसलिए यह मक्खी इतने खारे पानी में भी ज़िंदा रह पाती है। अपने इस अध्ययन के परिणाम शोधकर्ताओं ने प्रोसीडिंग्स ऑफ दी नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज़ में रिपोर्ट किए हैं।

ये मक्खियां इस तालाब की शैवाल से अपना आहार लेती हैं। चूंकि इतने खारे पानी में और कोई जीवन पनपता नहीं है, इन मक्खियों के अलावा शैवाल को खाने वाला कोई और है भी नहीं। तो प्रतिस्पर्धा से मुक्त रहते हुए इन्हें भरपूर भोजन मिलता है और ये खूब फलती-फूलती हैं। इसके चलते इन मक्खियों को खाने वाले प्रवासी पक्षी भी यहां खूब आते हैं।
पर शोधकर्ताओं का कहना है कि आज यह इकोसिस्टम खतरे में है। झील के जलागम क्षेत्र से पानी को अन्यत्र मोड़े जाने के कारण झील के सिकुड़ते जाने सेे पानी में सोडियम कार्बोनेट की मात्रा इस हद तक बढ़ती जा रही है कि इन मक्खियों के लिए भी खतरनाक है। और तो और, इस झील में तैराकी करने आने वालों के शरीर पर लगी सनस्क्रीम भी इन मक्खियों के लिए खतरनाक हो सकती है। सनस्क्रीम मक्खियों के बाल की मोमी परत को हटा देती है। जिसके कारण इनके पानी में डूबने का खतरा बढ़ जाएगा। (स्रोत फीचर्स)