एक कूबड़ वाली व्हेल की किस्मत अच्छी थी कि समय रहते पता चल गया कि वह समुद्र में डाली गई इंटरनेट केबल में उलझ गई है और उसे बचा लिया गया। मगर इस घटना से इतना तो पता चलता ही है कि ऐसे तारों के बिछे होने से समुद्र का पर्यावरण खतरनाक हो गया है।
दरअसल, ऑडुन रिकार्डसेन नाम के एक वन्यजीव फोटोग्राफर तस्वीर खींचने के लालच में अपनी नौका पर सवार होकर उत्तरी नॉर्वे में काल्डफ्योर्डेन टापू के निकट थे। उन्होंने देखा कि एक व्हेल तार में उलझी हुई है और तड़प रही है। उन्होंने इस बात की सूचना तटरक्षक दल को दी। रिकार्डसेन को लगा था कि वह व्हेल मछली पकड़ने के जाल में फंसी है।
सुबह तटरक्षक दल वहां पहुंचा तो गोताखोरों ने चारों और घूमकर देखा तब पता चला कि वह इंटरनेट केबल में फंस गई है और वह केबल उसके गले में लिपट कर उसके मुंह में घुस गई है। इसके अलावा वह केबल उसके पंख पर भी लिपटी हुई थी। बड़ी मुश्किल से केबल को काटकर व्हेल को मुक्त किया गया। वास्तव में केबल काटने के बाद ही पता चला था कि वह इंटरनेट की केबल है। नियमानुसार यह केबल काफी गहराई में होनी चाहिए।
इस पूरे प्रकरण में इलाके का मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया जिसे दो सप्ताह बाद ही बहाल किया जा सका। वह तो बहाल हो गया मगर इतना स्पष्ट है कि ये केबलें समुद्री जीवों के लिए जानलेवा भी हो सकती हैं। (स्रोत फीचर्स)