फरवरी 2016 में लिगो वेधशाला ने गुरुत्व तरंगों को पकड़ा। इन तरंगों की भविष्यवाणी आइंस्टाइन के सामान्य सापेक्षता के सिद्धांत द्वारा 1915 में की गई थी। इस सिद्धांंत के मुताबिक विशाल पिंड अपने आसपास के स्थान-समय को तोड़ते-मरोड़ते हैं। जब ऐसे पिंड में त्वरण होता है तो गुरुत्व तरंगें पैदा होती हैं।
मई 2016 में एक फ्रंसीसी शैलाश्रय में डेढ़ लाख वर्ष पुरानी कुछ रचनाएं मिलीं जिनके बारे में विश्वास किया जा रहा है कि इन्हें मानव-सदृश जीव निएंडरथल ने बनाया होगा। ये रचनाएं स्टेल्गेमाइट से बनी हैं। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि क्या इन्हें किसी मकसद से बनाया गया था।
गूगल की सहायक कंपनी डीपमाइंड द्वारा विकसित कृत्रिम बुद्धि अब ‘गो’ नामक एक खेल में मनुष्य को परास्त कर सकती है। मार्च 2016 में अल्फागो नामक इस कृत्रिम बुद्धि ने विश्व चैम्पियन ली सेडॉल को पांच मुकाबलों की एक श्रृंखला में 4-1 से हरा दिया।
जुलाई में यह खबर आई कि रजोनिवृत्ति (मेनोपॉज़) के साथ संतानोत्पत्ति की क्षमता समाप्त होना अनिवार्य नहीं है। शोधकर्ताओं ने पाया कि मेनोपॉज़ के बाद अंडाशयों को पुन: सक्रिय किया जा सकता है और स्त्री संतान पैदा करने में सक्षम बनाई जा सकती है। इससे कम उम्र में मेनोपॉज़ के बाद भी स्त्री संतान पैदा कर सकेगी और मेनोपॉज़ के कई हानिकारक प्रभावों से मुक्ति मिल सकेगी।

वायुमंडल में कार्बन डाईऑक्साइड की मात्रा में वृद्धि का धरती के गर्म होने में प्रमुख योगदान है। कुछ गणनाओं से स्पष्ट हुआ है कि तापमान पर कार्बन डाईऑक्साइड का प्रभाव अनुमान से कहीं अधिक होता है।
इसी वर्ष सितंबर में तीन पालकों से उत्पन्न शिशु की खबर आई थी। इस तकनीक में तीन व्यक्तियों से प्राप्त डीएनए से एक शिशु का जन्म हुआ था। माना जा रहा है कि इस तकनीक के उपयोग से बच्चों को जेनेटिक रोगों से बचाया जा सकेगा।
जनवरी में दो खगोल शास्त्रियों ने सौर मंडल के 9वें ग्रह की खोज की घोषणा की थी। इस ग्रह का द्रव्यमान पृथ्वी से 10 गुना ज़्यादा है और यह सूर्य से बहुत दूर है - सूर्य-पृथ्वी की दूरी से करीब 100 गुना ज़्यादा दूर। आसपास के अन्य पिंडों की विचित्र कक्षाओं को देखकर इस ग्रह की उपस्थिति का अनुमान लगाया गया है।

फरवरी में शोधकर्ताओं ने बताया कि खाते वक्त गोरिल्ला गाते-गुनगुनाते हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह गुनगुनाना बताता है कि गोरिल्ला अपने भोजन से कितने संतुष्ट हैं। इस खोज से भाषा के विकास पर नई रोशनी पड़ने की उम्मीद है।
अगस्त में हमसे मात्र 4 प्रकाश वर्ष की दूरी पर एक पृथ्वीनुमा ग्रह प्रॉक्सिमा-बी खोजा गया। यह अपने सूर्य प्रॉक्सिमा सैंटोरी सेे करीब 73 लाख किलोमीटर दूर परिक्रमा करता है जो पृथ्वी की सूर्य से दूरी (15 करोड़ किलोमीटर) का मात्र 5 प्रतिशत है। किंतु वह तारा एक लाल बौना तारा है, इसलिए संभव है कि इस ग्रह का तापमान जीवन के लिए उपयुक्त होगा और वहां पानी तरल अवस्था में मिल सकता है।
पहली बार यह देखा गया है कि पेड़ सोते हैं और सोते समय उनमें शारीरिक परिवर्तन होते हैं। पहले ऐसे परिवर्तन छोटे पौधों में देखे गए थे। बर्च पेड़ों की शाखाएं रात के वक्त कम से कम 10 से.मी. तक झुक जाती हैं।
नवंबर में एक खबर यह आई कि यदि बूढ़े चूहों को जवान मनुष्यों का खून दिया जाए, तो उनमें बुढ़ाने के लक्षण कम हो जाते हैं। प्रयोगों में देखा गया कि जिन बूढ़े चूहों को 18-वर्षीय लोगों का खून दिया गया, उनकी याददाश्त बेहतर हुई। (स्रोत फीचर्स)