हालिया समय में भव्य हिमालय पर्वत एक मौन लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव के साक्षी बन रहे हैं। नेचर प्लांट्स में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, जलवायु परिवर्तन के कारण इस क्षेत्र के वृक्षों की सीमा में परिवर्तन हो रहा है, जिससे इसके नाज़ुक पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन प्रभावित हो रहा है। यह बदलाव केवल पेड़ों पर नहीं, बल्कि वन्यजीवों, चारागाहों और स्थानीय समुदायों की आजीविका पर भी असर डाल सकता है।
सदियों से, हिमालय के मध्य क्षेत्र में चट्टानी इलाकों पर भोजपत्र (Betula utilis) के पेड़ों का दबदबा रहा है, जबकि ऊंचे इलाकों में देवदार (Abies spectabilis) के पेड़ सह-अस्तित्व में रहे हैं। लेकिन हालिया डैटा से पता चला है कि देवदार के पेड़ धीरे-धीरे भोजपत्र पर हावी हो रहे हैं। हिमालय में वैश्विक औसत से अधिक गति से बढ़ रहे तापमान और सूखे की बढ़ती स्थिति ने देवदार के पेड़ों को भोजपत्र की तुलना में तेज़ी से फैलने का मौका दिया है। देवदार के पेड़ हर साल 11 सेंटीमीटर ऊंचे स्थानों तक फैल रहे हैं, जो भोजपत्र की गति से लगभग दुगना है। यह अंतर तापमान में और अधिक वृद्धि के साथ तेज़ हो सकता है।
शोधकर्ताओं ने माउंट एवरेस्ट और अन्नपूर्णा संरक्षण क्षेत्र के पास के जंगलों का अध्ययन किया, जिसमें उन्होंने 700 से अधिक पेड़ों की उम्र और वृद्धि के पैटर्न को ट्रैक करने के लिए ट्री कोर सैंपलिंग जैसी तकनीकों का उपयोग किया। उनके निष्कर्ष बताते हैं कि भोजपत्र के पेड़ों का प्रजनन 1920 से 1970 के बीच अपने चरम पर था, लेकिन इसके बाद इसमें गिरावट आई है। वहीं, देवदार के पेड़ वर्तमान गर्म होते माहौल में तेज़ी से फल-फूल रहे हैं। अनुमान है कि 2100 तक, बदलते तापमान व जलवायु के विभिन्न परिदृश्यों में, देवदार के पेड़ ऊंचे इलाकों की ओर बढ़ते रहेंगे, जबकि भोजपत्र या तो स्थिर रहेंगे या कम हो सकते हैं।
शोधकर्ता बताते हैं कि इस परिवर्तन के दुष्परिणाम भी सामने आएंगे। बर्फीले तेंदुए जैसे प्राणियों को शिकार के लिए खुले स्थानों की ज़रूरत होती है। जंगल का विस्तार इनके प्राकृतवासों को घटा रहा है। साथ ही, स्थानीय पशुपालकों के लिए आवश्यक चारागाहों पर पेड़ अतिक्रमण कर रहे हैं। लंगटांग घाटी जैसे क्षेत्रों में, स्थानीय लोग याक और भेड़ों के लिए ज़मीन वापस पाने के लिए पेड़ों को काट रहे हैं।
विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे अध्ययन जंगल प्रबंधकों और स्थानीय समुदायों को इन बदलावों का अनुमान लगाने और उनके अनुसार खुद को ढालने में मदद करते हैं। यह शोध जलवायु परिवर्तन और इसके प्रकृति व मानवता पर पड़ने वाले प्रभावों को संभालने की ज़रूरत को रेखांकित करता है और हमें याद दिलाता है कि पारिस्थितिकी तंत्र के घटक परस्पर जुड़े हुए हैं और इन ऊंचे पहाड़ों में जीवन को बनाए रखने के लिए इनका संतुलन कितना महत्वपूर्ण है। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - March 2025
- महामारी का शैक्षणिक प्रदर्शन पर असर
- वर्ष 2024 अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान जगत
- आनंदीबाई जोशी: चुनौतियां और संघर्ष
- त्रासदी के 40 साल बाद भी भारत में ढीले कानून
- वैश्विक खाद्य व्यापार: लाभ या समस्याओं की थाली?
- वृक्षों का पलायन: हिमालय के पारिस्थितिक तंत्र में बदलाव
- प्लास्टिक प्रदूषण पर लगाम के प्रयास और अड़चनें
- एंटीबायोटिक प्रतिरोध के इलाज की तलाश
- शतायु कोशिकाओं का बैंक
- वायरसों का नया नामकरण
- कोविड-19 की उत्पत्ति
- हाथ से लिखने से याददाश्त में मदद मिलती है
- नारंगी बिल्लियों का रहस्य खुला
- अल्ज़ाइमर की दवा परीक्षण में असफल
- हार्मोन ग्रंथियां: शरीर के नन्हे नियामक अंग
- गाज़ा: बच्चों पर युद्ध का मनोवैज्ञानिक असर
- मानव की दो पूर्वज प्रजातियों के पदचिंह साथ-साथ मिले
- डायनासौर धरती पर हावी कैसे हो गए
- चींटियों ने खेती लाखों साल पहले शुरू की थी
- व्हेल दोगुना जी सकती हैं, बशर्ते मनुष्य जीने दें
- बृहस्पति के चांद युरोपा की मोटी बर्फीली चादर जीवन की संभावना घटाती है
- निजी अस्पताल: दरों का मानकीकरण और रोगियों के अधिकार