हमारे सारे कामकाजी जीन्स की संख्या हज़ारों में है। किंतु ये हज़ारों जीन्स मिलकर हमारे पूरे जीन-पुंज या जीनोम का एक छोटा हिस्सा ही हैं। इनके मुकाबले तथाकथित फुदकते जीन्स कहीं ज़्यादा हैं। इन्हें जीव वैज्ञानिक भाषा में ट्रांसपोज़ॉन्स कहते हैं। ये हमारे डीएनए में बसे हैं। ये अपनी प्रतिलिपि बना लेते हैं और जाकर किसी और स्थान पर जुड़ जाते हैं। शोधकर्ताओं का मत रहा है कि ये बाहरी तत्व हैं जो किसी समय हमारे जीनोम में घुस गए थे और अब स्वार्थी परजीवी की तरह ये स्वयं की प्रतिलिपियां बनाते रहते हैं। मगर हाल के एक अध्ययन से लग रहा है कि शायद ये फालतू नहीं हैं बल्कि भ्रूण के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अब वैज्ञानिकों को लगता है कि हमारे जीनोम में जो नियमनकर्ता जीन्स हैं उनमें से 25 प्रतिशत यही फुदकते जीन्स हैं। नियमनकर्ता जीन्स स्वयं किसी प्रोटीन को बनाने का निर्देश नहीं देते किंतु वे अन्य जीन्स को सक्रिय/निष्क्रिय होने का निर्देश देते हैं। ऐसा ही एक फुदकता जीन है LINE1 जो हमारे पूरे जीनोम का 17 प्रतिशत है। इसकी इतनी अधिक मात्रा को देखते हुए मिगुएल रामाल्हो-सैंटोस और उनके साथी देखना चाहते थे कि क्या यह एक बाहरी स्वार्थी परजीवी तत्व है या कोई भूमिका भी निभाता है।

उन्होंने LINE1 को ठप करने का तरीका खोज निकाला। अब उन्होंने चूहों के भ्रूण में LINE 1 को ठप कर दिया। इसे ठप करने के परिणाम नाटकीय रहे। आम तौर पर विकसित होता भ्रूण शरीर के अलग-अलग अंगों की कोशिकाएं बनाता है मगर साथ ही वह ऐसी कोशिकाएं भी बनाता है जो किसी भी तरह की कोशिका में तबदील हो सकती हैं। LINE1 को ठप करने के बाद भ्रूण की यह क्षमता जाती रही।

इसके अलावा एक असर और भी हुआ। रामाल्हो-सेंटोस की टीम ने सेल नामक शोध पत्रिका में बताया है कि LINE1 को ठप कर देने से भ्रूण 2 कोशिका अवस्था से आगे नहीं बढ़ पाया। उनका कहना है कि LINE1 द्वारा बनाया गया आरएनए दो प्रोटीन्स के साथ जुड़कर भ्रूण को 2 कोशिका अवस्था से आगे विकसित होने को प्रेरित करता है। यानी इसकी अनुपस्थिति में भ्रूण का विकास रुक जाएगा।

वैसे अन्य शोधकर्ता उनके निष्कर्ष को लेकर शंका व्यक्त कर रहे हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि LINE1 पूरे जीनोम में जगह-जगह उपस्थित होता है। इसलिए यह हो सकता है कि जब टीम ने इसे ठप किया तो इसके आसपास मौजूद कई अन्य जीन्स भी निष्क्रिय हो गए होंगे। लिहाज़ा, भ्रूण के विकास में रुकावट LINE1 के ठप होने की वजह से नहीं बल्कि इन अन्य जीन्स के निष्क्रिय होने की वजह से पैदा हुई होगी। अब देखना यह है कि इस दुविधा का हल कैसे निकाला जाता है। (स्रोत फीचर्स)