वैसे तो ये अजगर (Python regius) एक सुरक्षा रणनीति के लिए जाने ही जाते हैं - खतरा भांपकर ये एक गेंद के रूप में गुड़ी-मुड़ी हो जाते हैं। इसी वजह से इनका नाम पड़ा है बॉल पायथन। इसे रॉयल पायथन भी कहते हैं और यह पश्चिमी तथा मध्य अफ्रीका में पाया जाता है। लेकिन अब एसीएस ओमेगा में प्रकाशित एक अध्ययन में इनकी एक और सुरक्षा रणनीति का विवरण प्रस्तुत हुआ है जो शायद हमारे काम की साबित हो। 
हालांकि सांपों की त्वचा की सूक्ष्म रचना का काफी अध्ययन किया गया है लेकिन इसमें ज़्यादा ध्यान रंग और चलने-फिरने पर इसके असर पर दिया गया है। बैक्टीरिया से बचाव में इसकी भूमिका उपेक्षित ही रही है।
इस संदर्भ में प्राग स्थित युनिवर्सिटी ऑफ केमेस्ट्री एंड टेक्नॉलॉजी के वैक्लाव पेरूट्का के नेतृत्व में शोधकर्ताओं ने बॉल पायथन की त्वचा पर उपस्थित शल्कों पर गौर किया। इन शल्कों की एक विशेषता यह है कि इन पर सूक्ष्म कंटक पाए जाते हैं। हरेक कंटक करीब 9 माइक्रोमीटर लंबा होता है - यह लगभग एक कोशिका के बराबर है। शोधकर्ताओं की मान्यता थी कि ये कंटक शायद बैक्टीरिया द्वारा बायोफिल्म बनाने की प्रक्रिया को रोकते होंगे। बायोफिल्म तब बनती हैं जब सूक्ष्मजीव की आबादी एक लसलसा पदार्थ छोड़ती है जो उन्हें किसी भी सतह पर चिपकने में मदद करता है।
बायोफिल्म पोषक तत्वों को बैक्टीरिया के अंदर रखने और बैक्टीरिया-नाशी पदार्थों को बाहर रखने में भी मदद करती है। इसी बायोफिल्म के माध्यम से बैक्टीरिया आपस में जीन्स का लेन-देन भी करते हैं। इनमें एंटीबॉयोटिक प्रतिरोध के जीन्स भी होते हैं। ऐसा देखा गया है कि बायोफिल्म से युक्त बैक्टीरिया मुक्तजीवी बैक्टीरिया से 1000 गुना ज़्यादा प्रतिरोधी होते हैं। 
पेरूट्का की टीम ने अपने अध्ययन के लिए प्लज़ेन चिड़ियाघर से जंतुओं द्वारा विमोचित त्वचा के नमूने एकत्रित किए। इनमें से एक-एक शल्क को सुइयों पर जड़ दिया और उन्हें पोषक पदार्थों से भरपूर माध्यम में इनक्यूबेट किया। माध्यमों में दो में से किसी एक किस्म के बैक्टीरिया भी रखे गए थे - कुछ में एशरीशिया कोली (ई.कोली) और कुछ में स्टेफिलोकॉकस ऑरियस (एस. ऑरियस)। लगभग 48 घंटे बाद देखा गया कि कंट्रोल नमूने (जिसमें शल्क पोलीस्टायरिन प्लास्टिक से बने थे) पर एक मोटी परिपक्व बायोफिल्म का आवरण बन चुका था। लेकिन सांप के वास्तविक शल्क दोनों बैक्टीरिया के विरुद्ध कहीं ज़्यादा प्रतिरोधी थे - ई. कोली 88 प्रतिशत कम चिपक पाए थे और एस. ऑरियस 78 प्रतिशत कम। सूक्ष्मदर्शी से देखने पर पता चला कि शल्क की सतहों पर बैक्टीरिया बहुत कम आबाद हुए थे और कंटकों के बीच की जगहों पर थे।
तो सवाल उठा कि कंटकों ने यह करामात कैसे की। शोधकर्ताओं ने इसकी क्रियाविधि को लेकर कई अटकलें लगाई हैं।
एक संभावना तो यह हो सकती है कि कंटकनुमा उभार बैक्टीरिया को संपर्क बनाने के लिए उपलब्ध जगह को सीमित कर सकते हैं या शायद संपर्क के बाद भी उन्हें अस्थिर बनावट में धकेल सकते हैं।
शोधकर्ताओं के मुताबिक एक संभावना यह भी है कि कंटकों के नुकीले सिरे बैक्टीरिया की झिल्ली को भेदकर नुकसान भी पहुंचा सकते हैं या किसी प्रकार से बायोफिल्म स्रवण की उनकी क्रिया में बाधा पहुंचा सकते हैं। बहरहाल, प्रतिरोध की सटीक क्रियाविधि को समझना महत्वपूर्ण होगा। ऐसा होने पर कुछ उपयोगी बैक्टीरिया-रोधी चीज़ें बनाने का रास्ता खुलेगा। इस नए रास्ते की विशेषता यह होगी कि हमें रसायनों का उपयोग कम से कम करना होगा। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - August 2026
- सुपर एल नीनो की संभावनाएं
- बाढ़ और सूखे का कारण है एल नीनो
- एल नीनो
- सौर तूफानों पर नज़र रखेगा SMILE मिशन
- स्वास्थ्य: मात्र सुविधाओं, व्यवस्थाओं से आगे
- घरेलू हिंसा: डॉक्टरों की जागरूकता व संवेदना ज़रूरी
- ‘एन्हांस्ड ओलंपिक’ अपने दावे पर खरे नहीं उतरे
- एड्स वायरस से निपटने का नया प्रयास
- दिमाग की रक्षा में सफाई तंत्र
- इंसान बेहोशी में भी सीख सकते हैं!
- सिर्फ मादा चूहों की याददाश्त सुधारता एक यौगिक
- भारत की आनुवंशिक विविधता पर सबसे बड़ा अध्ययन
- कृत्रिम अंडा और विलुप्त पक्षियों को पुनर्जीवन
- अजगर की बैक्टीरिया-रोधी चमड़ी
- हाथी और गुबरैले का एक अनोखा नाता
- फफूंदनाशी के असर बीस पीढ़ियों तक
- चींटियां संक्रमण से कैसे बचाव करती हैं
- कृत्रिम रोशनी मच्छरों को देर तक सक्रिय रखती हैं
- पक्षियों की लंबी-लंबी यात्राएं और वापसी
