यदि आप किसी नन्ही-सी गिलहरी को अपने से कहीं अधिक बड़ी बिल्ली को निगलते देखें तो अवश्य हैरान रह जाएंगे। वैज्ञानिक भी ऐसे ही कुछ नज़ारे से अचंभित हैं लेकिन वे गिलहरी से नहीं बल्कि पश्चिम अफ्रीका में पाए जाने वाले पक्षियों के अंडे खाने वाले सांप गान्स एग-ईटर (Dasypeltis gansi) के भोजन से अंचभित हैं। करीब एक मीटर लंबा और पतला गान्स एग-ईटर सांप अपने सिर की चौड़ाई से लगभग चार से पांच गुना बड़े अंडे को साबुत निगल जाता है और फिर उसे अपने मेरु-दंड की मदद से फोड़कर खोल को वापिस उगल देता है। यह बताते चलें कि इसे यह नाम मशहूर अमेरिकी सर्प वैज्ञानिक कार्ल गान्स के नाम पर दिया गया है।
गौरतलब है कि बोआ कांस्ट्रिक्टर और ग्रीन एनाकोंडा जैसे विशाल सांप अपने बड़े मुंह के लिए जाने जाते हैं और अपने विशाल मुंह में 100 से भी अधिक दांतों का इस्तेमाल कर अपने शिकार को फंसाते हैं और उसे पूरा का पूरा निगल जाते हैं। लेकिन हैरत इस बात की है कि एकदम पतले से गान्स एग-ईटर सांप का सिर महज 1 से.मी चौड़ा होता है और मुंह में दांत लगभग न के बराबर होते हैं। फिर कैसे यह सांप अपने मुंह से कई गुना बड़े बटेर के अंडों, फिंच और चूज़ों जैसे शिकार निगल लेता है?
अंचभे ने सवाल को जन्म दिया और जुट गए वैज्ञानिक इसका जवाब पता करने में और जवाब उन्होंने जर्नल ऑफ एक्सपेरिमेंटल बायोलॉजी में प्रकाशित किया है; इतने बड़े अंडों को साबुत निगलना उसकी गर्दन की अत्यंत लोचदार त्वचा के कारण संभव होता है। देखा गया है कि शरीर के बाकी हिस्सों की त्वचा की तुलना में गर्दन की त्वचा 90 प्रतिशत तक अधिक लोचदार होती है।
अपने सवाल का जवाब खोजने के लिए वैज्ञानिकों ने विभिन्न प्रजातियों के सांपों की कांचुली एकत्रित की - चौड़े मुंह वाले बोआ कांस्ट्रिक्टर से लेकर छोटे मुंह वाले अमेरिकी पाइप सांप तक की। उन्होंने शरीर के विभिन्न बिंदुओं पर बल लगाकर मापा कि किस जगह कितने बल तक ऊतक फैलते जाते हैं और कितने बल के बाद टूट जाते हैं। 
पाया गया कि अन्य छोटे मुंह वाले सांपों की तुलना में गान्स एग-ईटर के सिर और गर्दन की त्वचा तीन गुना तक अधिक फैल सकती है। इसी खूबी के चलते गान्स एग-ईटर अपने से बहुत बड़े आकार के शिकार को भी निगल लेते हैं। (स्रोत फीचर्स)