2024 अब तक का सबसे गर्म वर्ष साबित हुआ, जिसमें वैश्विक तापमान औद्योगिक-पूर्व स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार कर चुका है। ऐसे में जलवायु परिवर्तन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को अनदेखा करना मुश्किल हो गया है। इसमें लू लगने से मृत्यु जैसे तुरंत दिखने वाले प्रभावों का तो पता चल जाता है लेकिन दीर्घकालिक संचयी नुकसान पर कम ही ध्यान दिया जाता है। जलवायु में हो रहे तेज़ी से बदलाव को देखते हुए इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।
लंबे समय तक ग्रीष्म लहर और सूखे के प्रभाव से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। बार-बार डीहाइड्रेशन (निर्जलन) और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन से किडनी की जीर्ण बीमारियां हो सकती है। लगातार गर्म रातों के कारण नींद की कमी से मानसिक क्षमता घटती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता कमज़ोर होती है और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है। यह खतरा गर्भ में पल रहे बच्चों को भी हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान ग्रीष्म लहर जैसी पर्यावरणीय चुनौतियां गर्भस्थ शिशु के विकास को प्रभावित कर सकती हैं और लंबे समय के उनके स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं।
देखा जाए तो, जलवायु परिवर्तन के दबाव जीन अभिव्यक्ति तक को प्रभावित कर सकते हैं। शोध बताते हैं कि जो बच्चे गर्भ में गर्म और शुष्क परिस्थितियों के संपर्क में आते हैं, उनमें वयस्क होने पर उच्च रक्तचाप की संभावना अधिक होती है।
कुल मिलाकर, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव गहरे और दूरगामी हो सकते हैं।
इन खतरों के बावजूद, वर्तमान जलवायु आकलन स्वास्थ्य पर पूरे प्रभाव को सही ढंग से मापने में असफल रहे हैं। वास्तव में वर्षों में विकसित होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को मापना मुश्किल होता है। असंगत स्वास्थ्य डैटा के कारण लंबे समय तक स्वास्थ्य जोखिमों को ट्रैक करना काफी जटिल कार्य है। उदाहरण के लिए, हम यह तो समझते हैं कि गर्मी शरीर को कैसे प्रभावित करती है, लेकिन यह अलग-अलग लोगों को दीर्घावधि में किस तरह प्रभावित करती है, इसे ट्रैक करना अब भी एक चुनौती बना हुआ है।
इस अंतर को पाटने के लिए, शोधकर्ताओं और जन स्वास्थ्य अधिकारियों को जलवायु प्रभाव से जुड़े अध्ययनों का दायरा बढ़ाना होगा। उपलब्ध साक्ष्य बताते हैं कि जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों और मौतों का बोझ मौजूदा अंदाज़ों से कहीं अधिक है। इसलिए, बेहतर स्वास्थ्य डैटा और दीर्घकालिक प्रभावों का अध्ययन करना बेहद ज़रूरी है। (स्रोत फीचर्स)
-
Srote - April 2025
- जन स्वास्थ्य अभियान के 25 वर्ष: उपलब्धियां और सीमाएं
- 20 सूत्रीय जन स्वास्थ्य चार्टर
- सबके लिए स्वास्थ्य हासिल करने ‘मिशन पॉसिबल’
- अनौपचारिक स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की भूमिका
- नींद में मस्तिष्क खुद की सफाई करता है
- खरपतवारनाशी से शिशु स्वास्थ्य को खतरा
- बढ़ते तापमान का अदृश्य स्वास्थ्य संकट
- जीन संपादन कैंची का उपयोग
- महिलाओं, चींटी जैसे काम करो, पुरुषों जैसे व्यवहार करो लेकिन महिला बनी रहो!
- तंबाकू के विरुद्ध आवाज उठाने वाले वैज्ञानिकों पर संकट
- कृत्रिम बुद्धि की मदद से प्राचीन शिल्पों का जीर्णोद्धार
- कार्बन-कार्बन एकल इलेक्ट्रॉन बंध देखा गया
- दांतों ने उजागर किया स्तनपान का पैटर्न
- नई यादें बनने पर पुरानी यादें मिट क्यों नहीं जातीं?
- घटते बादलों से ग्लोबल वार्मिंग का खतरा
- प्राचीन रोम के लोगों ने सीसा प्रदूषण झेला है
- 1.5 डिग्री की तापमान वृद्धि की सीमा लांघी गई
- रैटलस्नेक एक-दूसरे के शल्क से पानी पीते हैं
- यह सांप निगल जाता है मुंह से कई गुना बड़ा शिकार
- समुद्री मकड़ियां खुद को रेत में क्यों दबाती हैं?
- वृक्ष मेंढकों की दिलचस्प छलांग
- कोरल भी चलते हैं, लेकिन घोंघों से भी धीमे
- जगमगाते कुकुरमुत्ते